कांशीराम परिनिर्वाण दिवस पर  यूपी में 3 बड़ी रैली करेंगे चंद्रशेखर आजाद 

पश्चिम से होगी शुरुआत, बहुजन नायक के बहाने मिशन 2024 बसपा निशाने पर 

मेरठ। लोकसभा चुनाव 2024 में बसपा को टक्कर देने की तैयारी कर रही आजाद समाज पार्टी बहुजन नायक का परिनिर्वाण दिवस पूरे जोर-शोर से मनाएगी। भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर यूपी में 3 बड़ी रैलियां करेंगे। इन रैलियों में चर्चा कांशीराम की होगी, लेकिन इन रैलियों के 2 बड़े मकसद हैं। पहला मिशन 2024 फतह, दूसरा बड़ा मकसद बसपा को मात देकर यूपी में दलितों के बड़े नेता की पदवी हासिल करना।

चंद्रशेखर लगातार यूपी में दलित राजनीति का अहम चेहरा बनने के प्रयास में है।वो बेहतरी से जानते हैं कि बसपा को डाउन करके ही वो दलितों के मन में अपने लिए स्थान बना पाएंगे। इसलिए आजाद समाज पार्टी ने दलितों को साधने के लिए अब संवेदनात्मक रुख अपनाया है। पार्टी ने दलितों के मसीहा, महापुरुष कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर बड़ी योजना बनाई है।

3 हिस्सों में बांटा उत्तर प्रदेश

9 अक्तूबर को बहुजन नायक कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस है। हर साल बसपा कांशीराम की जयंती और परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें याद करती है। बसपा प्रमुख मायावती कांशीराम की जयंती पर भव्य आयोजन करती हैं। उसी तरह उनके परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें याद किया जाता है। इसी राह पर चलते हुए आजाद समाज पार्टी मुखिया चंद्रशेखर ने कांशीराम परिनिर्वाण दिवस को दलित वोटर के बीच पहुंचने का जरिया बनाया है। पार्टी यूपी में 3 बड़ी रैलियां करेगी। इन रैलियों के लिए यूपी को 3 भागों में बांटा है।

पश्चिम, पूरब, मध्यांचल में होगी रैलियां

इन रैलियो ंकी शुरूआत पश्चिमी यूपी से होगी। 9 अक्तूबर कांशीराम परिनिर्वाण दिवस के दिन चंद्रशेखर पहली रैली करेंगे। यह रैली वेस्ट यूपी के बिजनौर की नगीना लोकसभा सीट पर होगी। दूसरी रैली 22 अक्तूबर को पूर्वांचल में होगी। आजमगढ़ को चुना गया है। तीसरी रैली मध्यांचल की होगी। इस रैली को कानपुर में रखा गया है। तीनों रैलियों में चंद्रशेखर खुद जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से तीनों रैलियो ंमें भारी भीड़ जुटाने का टार्गेट दिया गया है। भीड़ में भी प्रमुख फोकस युवाओं की भीड़ ज्यादा पहुंचाने पर रखा गया है।

नगीना सीट से चंद्रशेखर की दावेदारी

आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर बिजनौर, नगीना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसी सीट पर अपनी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। कांशीराम परिनिर्वाण दिवस का मुख्य आयोजन भी इसी सीट पर रखा गया है। ताकि जनता विशेषक दलित वोटर के बीच एक बड़ा संदेश जा सके। रैली को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें और जनसंपर्क भी चल रहा है।

दलितों को जागरुक करने का संदेश

मेरठ में पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन गुर्जर ने बताया यूपी में तीन बड़ी रैलियां होंगी। तीनों रैलियों का मुख्य उद्देश्य दलित समाज को जाग्रत करना उनके हितों की जानकारी देना। उनकी खोई चेतना और ताकत को वापस लाना है। स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर जी इन रैलियों को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *