अन्नदाता के सम्मान के लिए काम कर रही है डबल इंजन की सरकार – योगी आदित्यनाथ

मोरना।भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारम्भ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने मंच पर चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर व शॉल ओढाकर सम्मानित किया। साथ ही फिरोजपुर गांव में पहुंचकर किसान प्रमोद बालियान के आवास पर चौपाल लगाकर किसानों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने शुकदेव आश्रम पहुंचकर शुकदेव मन्दिर के दर्शन कर ब्रह्मलीन महान संत स्वामी कल्याण देव महाराज को नमन किया व आश्रम के अधीष्ठा स्वामी ओमानन्द महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान भारी सुरक्षा के प्रबन्ध किये गये थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए दूरदराज से ग्रामीण बस व टैªक्टर ट्रॉली आदि से कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
प्राचीन प्रसिद्ध तीर्थस्थल शुकतीर्थ में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए  कहा कि डबल इंजन की सरकार जो कहती है वो कर दिखाती है। सनातन तीर्थस्थली शुकतीर्थ से ग्राम परिक्रमा का शुभारंभ अलौकिक व अविस्मरणीय है। 5000 वर्ष पूर्व शुकतीर्थ में शुकदेव मुनि द्वारा प्रथम बार भागवत कथा को सुनाया गया था। विश्व की जातियां अपना इतिहास नहीं जानती किन्तु यह हमारा सौभाग्य है कि हम अपना 5000 वर्ष पुराना इतिहास भी जानते हैं। 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भव्य निर्माण व प्राण प्रतिष्ठा का काम प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किया गया है। अयोध्या में आज लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान श्रीराम के दर्शन कर जीवन धन्य कर रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व चौधरी चरणसिंह को भारत रत्न सम्मान समय का सुखद संयोग है। किसानों के सहयोग से भाजपा तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाएगी। पूर्व की सरकारों में दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर के दंगे को कौन नहीं जानता। पिछले सात वर्षों से प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ है और आगे भी नहीं होगा। प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गये सुरक्षा के माहौल से आज मुजफ्फरनगर जनपद का गुड़ देश प्रदेश ही नहीं विदेशों में भी अपनी मिठास बिखेर रहा है। पूर्व की सरकारों में किसान गन्ना भुगतान के लिए आन्दोलन करता था। आज प्रदेश की 119 मिलों में से 105 मिलें मात्र एक सप्ताह में गन्ने का भुगतान कर रही हैं। करोड़ों किसानों को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार ने 2400 करोड निजी नलकूप व 1100 करोड सरकारी ट्यूबवैल को दिया है। सोलर पैनल के लिए सरकार किसानों को लाभ दे रही है। साथ ही सरकार प्राकृतिक व जैविक खेती को बढावा दे रही है। सरधना में खेल यूनिवर्सिटी का निर्माण हो रहा है। गोल्ड मैडल जीतने वाली पारूल चौधरी को डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्त किया गया है। पूर्व की सरकारें नौकरियों में डकैती डालती थी तथा अपने रिश्तेदारों को नौकरी बांटती थी। डबल इंजन की सरकार कोई भेदभाव नहीं करती। प्रदेश में हो रही 60000 भर्तियों में प्रदेश के प्रत्येक जनपद का युवा भर्ती होगा। भाजपा सरकार के प्रयासों से वर्तमान भी सुन्दर है व भविष्य भी सुन्दर होगा। ग्राम परिक्रमा यात्रा 9 संकल्पों पर आधारित है। जिनमें जल संरक्षण, डिजीटल पेमेन्ट, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों का प्रचार तथा घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहित करना, जैविक खेती, किसानों की आमदनी बढाने, गांव में खेलों को बढावा देना सम्मिलित है। जिन किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उनसे बात की जाएगी तथा जो वंचित रह गये हैं। उन्हें तुरन्त लाभ दिलाया जाएगा। भाजपा सरकार द्वारा देश के 48 करोड किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा चुका है। इसके पूर्व मुख्यमंत्री टैªक्टर व हल का पूजन किया। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल द्वारा मुख्यमंत्री को जैविक गुड भेंट किया गया।

ग्राम फिरोजपुर में चौपाल लगाकर किसानों से किया संवाद
फिरोजपुर गांव पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ का महिलाओं व युवतियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने किसान प्रमोद बालियान के आवास पर आयोजित चौपाल में पूर्व प्रधान नेमपाल, योगेश बालियान, पोपेन्द्र, बाबा बर्फानी आदि से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। किसानों ने मुख्यमंत्री से बाढग्रस्त क्षेत्र पर ध्यान देने, मोरना चीनी मिल की पेराई क्षमता बढाने, क्षेत्र में गर्ल्स डिग्री कॉलेज बनाने की मांग की।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री का सौंपा मांगपत्र
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मुख्यमंत्री को दिए मांग पत्र में चीनी मिल मोरना के विस्तारीकरण, मेरठ प्रयाग एक्सप्रेसवे को शुकतीर्थ होते हुए हरिद्वार से जोडने, बिहारगढ से होकर रावलीघाट तक पुल का निर्माण कर शुकतीर्थ को बिजनौर से जोडने, शुकतीर्थ में सोलानी नदी पर पुल का निर्माण, भोपा तिस्सा मार्ग का निर्माण, रामराज से चूहापुर मार्ग का निर्माण, शुकतीर्थ में गंगा स्नान मेले के लिए 1000 बीघा भूमि के अधिग्रहण कर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की मांग की।

केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अपने सम्बोधन में मोरना चीनी मिल के नवीनीकरण के लिए 65 करोड रूपये देने के लिए धन्यवाद किया व मोरना मिल के विस्तारीकरण की मांग की। इसके अलावा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय  अध्यक्ष राजकुमार चाहर, प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
इस अवसर पर मन्त्री कपिलदेव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, क्षेत्रीय मन्त्री किसान मोर्चा व कार्यक्रम संयोजक अमित राठी, एमएलसी वन्दना वर्मा, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत, पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह, राजपाल सैनी, अनुराधा चौधरी, तेजा गुर्जर, दिनेश खटीक, सोमेन्द्र तोमर, धर्मपाल सिंह, प्रदीप निर्वाल, अरूण पाल आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
दोपहर 12ः40 पर मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर हैलीपैड पर उतरा जहां भाजपा नेताओं उनका स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री शुकदेव आश्रम पहुंचे। आश्रम अधीष्ठा स्वामी ओमानन्द महाराज से आशीर्वाद लेकर मुख्यमंत्री 1ः03 पर मंच पर पहुंचे। चयनित लाभार्थियों को सम्मानित करने के उपरांत मुख्यमंत्री ने 2ः20 से 2ः40 तक अपना सम्बोधन किया। इसके उपरांत 2ः48 पर मुख्यमंत्री फिरोजपुर गांव पहुंचे तथा 3ः12 पर मुख्यमंत्री ने गांव फिरोजपुर से प्रस्थान किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के न आने से छाई मायूसी
पिछले एक सप्ताह से राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के द्वारा ग्राम परिक्रमा यात्रा के शुभारम्भ की तैयारियां की जा रही थी। इसीलिए दो अलग-अलग हैलीपैड बनाए गये थे। किन्तु दोपहर 12 बजे अचानक जे.पी. नड्डा के शुकतीर्थ न आने की सूचना से मायूसी छा गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *