स्क्रैप माफिया रवि काना गैंग के दो और अभियुक्त गिरफ्तार, अब तक कुल छह गिरफ्तारी

ग्रेटर नोएडा। पुलिस अभी भी स्क्रैप माफिया रवि काना की तलाश कर रही है। उसके गैंग के लोगों की धरपकड़ भी जारी है। शुक्रवार को बीटा 2 पुलिस ने रवि काना गैंग के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस गैंग के कुल छह अभियुक्तों की अब तक गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस ने दिल्ली समेत एनसीआर में फैली रवि काना की करीब 150 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की है। पुलिस रवि काना की आर्थिक कमर तोड़ने की तैयारी लगातार कर रही है।

शुक्रवार को राशिद अली और अफसार अली को पी-3 गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों स्क्रैप माफिया हैं। उनके गैंग का लीडर रवि नागर उर्फ रविंद्र सिंह उर्फ रवि काना है।

दोनों रवि काना के लिए अवैध माल और स्क्रैप को ट्रकों से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे। दोनों पर अलग-अलग थानों में एक दर्जन मामले दर्ज हैं।

गिरोह के अनिल, राजकुमार नागर, विकास नागर, आजाद नागर को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *