विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से

16 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान

नोएडा, 2 अक्टूबर 2023। डेंगू-मलेरिया, चिकनगुनिया आदि मच्छर जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने और उनसे बचाव के लिए जनपद में मंगलवार (तीन अक्टूबर) से  विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसी क्रम में 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलेगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील कुमार शर्मा ने दी।

 उन्होंने बताया-मच्छर जनित बीमारियों जैसे- डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, आदि की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस्तक अभियान में आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार व इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) के रोगियों, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, के लक्षणयुक्त व्यक्तियों एवं कुपोषित बच्चों की सूची तैयार करेंगी। इसके साथ ही निर्धारित प्रपत्र पर क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची तैयार करेंगी, जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो। सभी रिपोर्ट ई-कवच पोर्टल पर फीड की जाएंगी। इसकी नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग होगी।

     उन्होंने बताया- माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान में घर-घर भ्रमण के दौरान आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संक्रमण से बचने व बुखार होने पर “क्या करें, क्या न करें” का प्रत्येक प्रमुख स्थान पर प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी।

डेंगू से करें बचाव, घर और आसपास न होने दें जलजमाव

सीएमओ ने कहा बारिश का मौसम मच्छरों के लिए अनुकूल होता है। जहां जल जमाव होगा वहां मच्छर पैदा होंगे। इसलिए घर व आस-पास कहीं भी पानी जमा न होने दें। डेंगू का मच्छर ‘एडीज़’ साफ पानी में ही पनपता है। इसके घर में पनपने की ज्यादा सम्भावना होती है। कूलर की टंकी के पानी, पक्षियों के पानी पीने के बर्तन, फ्रिज की ट्रे, फूलदान, नारियल के खोल, टूटे बर्तन, खाली कंटेनर, गमलों की प्लेट, मनी प्लांट की बोतल आदि इन सभी को सप्ताह में एक बार खाली व साफ करते रहना चाहिए। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, साथ ही सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *