विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक जुलाई से

मुजफ्फरनगर। संचारी रोगों से बचाव के लिए एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 17 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। अभियान के तहत मौसमी बीमारियों की रोकथाम के प्रयास किए जाएंगे और रोगियों की पुष्टि होने पर उनका समय से उपचार शुरू किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया – जनपद में आयोजित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने बताया – अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, उद्यान और सूचना विभाग को शामिल किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया- दस्तक अभियान के तहत क्षय रोगियों को भी खोजा जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया- जुलाई में मौसमी बीमारियां का खतरा बढ़ जाता है। मच्छर जनित रोग भी बढ़ते हैं। इसलिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया -17 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर टीबी के संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। इसके अलावा लंबे समय से बुखार, खांसी जैसे लक्षणों वाले मरीजों के बारे में भी जानकारी लेंगी। उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा जाएगा। आशा कार्यकर्ता मौसमी बीमारियों से बचाव और उसके इलाज के बारे में भी जानकारी देंगी।
जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा – मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए भरा हुआ पानी हर हफ्ते में बदल देना चाहिए। ऐसा करने से पानी में पनपे हुए मच्छर के लार्वा विकसित नहीं हो पाते हैं। सबसे जरूरी मच्छरों को पनपने से रोकना है। लोगों को अपने घरों के आसपास साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे वहां मच्छर न पनपें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *