सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का निधन,अखिलेश ने संभल से दिया था लोकसभा 2024 का टिकट

लखनऊ। संभल के सपा सांसद डा.शफीकुर्रहमान बर्क का निधन हो गया है। वे मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती थे। उनके सीने में संक्रमण था।

सांसद के पोते जियाउर्रहमान बर्क ने बताया कि उनके 93 वर्षीय दादा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गय था। इसके बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था। मंगलवार सुबह उन्हें आईसीयू में ले जाया गया। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। चार बार विधायक और चार बार सांसद रह चुके डा. शफीकुर्रहमान बर्क 2019 में पांचवीं बार सांसद चुने गए। उम्र और अनुभव में वह मंडल के सबसे वरिष्ठ राजनेता रहे। अपने सियासी तेवरों के कारण उनकी अलग पहचान रही है।

अखिलेश यादव ने हाल ही में उनकी सेहत का हाल जाना था। अस्पताल प्रबंधन ने उनकी मृत्यु की खबर की पुष्टि की है। सपा सांसद को अखिलेश यादव ने हाल ही में अपनी पार्टी की तरफ से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी घाेषित किया था। सांसद शफीकुर्रहमान बर्क सबसे अधिक उम्र के सांसद थे। वे अपने बयानों के लिए जाने जाते थे। वह बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के संयोजक रह चुके थे। मुस्लिमों के मुद्दों को उठाने और वंदेमातरम पर अपने बयानों को लेकर सियासत में चर्चित रहे डा. शफीकुर्रहमान बर्क एक बार फिर सपा की सियासत में बड़ा चेहरा बनकर उभरे। उनका सियासी सफर 60 वर्ष से ज्यादा का था।

वह 1967 में संभल विधानसभा क्षेत्र से पहला विधानसभा चुनाव लड़े थे पर कामयाब नहीं हो सके थे। उन्हें राज्य विधानसभा के चुनाव में पहली कामयाबी 1974 में मिली थी। बीकेडी से विधायक चुने गए। इसके बाद 1977 में जनता पार्टी और 1985 में लोकदल, 1989 में जनता दल से विधायक बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *