युवाओं के लिए खुशखबरी: यूपी सरकार ने पुलिस भर्ती आयु सीमा बढ़ाई, जनप्रतिनिधियों की मेहनत रंग लाई

लखनऊ। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस में आयु सीमा बढ़ा दी गई है। जनप्रतिनिधियों की मेहनत रंग ली है, इस मामले में रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी, मुजफ्फरनगर के केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, शामली के विधायक प्रसन्न चौधरी, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, बुलंदशहर के विधायक संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की मांग की थी। जिसके बाद यह फैसला किया गया है कि पुलिस भर्ती में आयु सीमा तीन साल बढ़ाई जाएगी जिसके आदेश आज देर रात तक जारी कर दिए जाएंगे।

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज उनकी मुलाकात हुई है और मुख्यमंत्री ने पुलिस भर्ती में आयु सीमा तीन साल बढ़ाने का फैसला किया है। जिसके आदेश आज देर रात तक जारी कर दिए जाएंगे।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 23 दिसम्बर को जारी की गई विज्ञप्ति में आयु सीमा निर्धारित की गई थी। उस विज्ञप्ति के मुताबिक ऐसे पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते थे, जिन्होंने 1 जुलाई 2023 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली हो। साथ ही उनकी उम्र 22 वर्ष पूरी नहीं हुई हो। मतलब, अभ्यर्थी का जन्म दो जुलाई 2001 से पहले नहीं होना चाहिए। साथ ही एक जुलाई 2005 के बाद जन्म नहीं होना चाहिए। इसी तरह महिला अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई थी। महिला अभ्यर्थी 1 जुलाई 2023 तक 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुकी हों और 25 वर्ष की आयु प्राप्त न की हो। महिला अभ्यर्थी का जन्म दो जुलाई 1998 से पहले और एक जुलाई 2005 के बाद कर नहीं होना चाहिए।

इस आयु सीमा के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश के युवक विरोध ज़ाहिर कर रहे हैं। युवक और युवतियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती नहीं की गई है। वह लोग पुलिस में भर्ती होने का इंतज़ार कर रहे थे। इसी वजह से उनकी उम्र बढ़ चुकी है और वह आयु सीमा से बाहर हो चुके हैं। लिहाज़ा, उन्हें बढ़ी हुई आयु सीमा का लाभ दिया जाना चाहिए। इस मसले को लेकर मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और दूसरे संगठन विरोध ज़ाहिर कर रहे थे। पिछले 2 दिनों से पूरे राज्य में धरना प्रदर्शन चल रहा था।

उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती से जुड़ी विज्ञप्ति जारी होने के अगले ही दिन ज़ेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा था कि युवाओं के हित में आयु सीमा का विस्तार दिया जाना चाहिए। अब इस मसले को लेकर धीरेंद्र सिंह और उनके साथी विधायक संजय शर्मा मंगलवार की शाम लखनऊ पहुंचे। दोनों विधायकों ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात की। पूरे प्रदेश के युवाओं की भावना से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने मसले पर चर्चा करने के लिए पुलिस महानिदेशक और प्रमुख सचिव (गृह) को भी बैठक में बुलाया। अंततः फ़ैसला लिया गया है कि आयु सीमा में विस्तार किया जाना चाहिए। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि देर शाम तक विज्ञप्ति में संशोधन से जुड़ा आदेश जारी कर दिया जाएगा।

दूसरी ओर राज्य सरकार के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आयु सीमा में तीन वर्ष का विस्तार किया जाएगा। मतलब, अब 2 जुलाई 2001 पहले पैदा हुए लड़के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इसी तरह दो जुलाई 1998 से पहले पैदा हुई लड़कियां आवेदन कर सकेंगी।           

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *