सहारनपुर के पूर्व एमएलसी की लखनऊ में करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क

लखनऊ। सहारनपुर से बसपा एमएलसी रहे एक लाख के इनामी हाजी इकबाल की लखनऊ स्थित करोड़ों की संपत्ति को सहारनपुर पुलिस ने कुर्क किया है। इससे पहले सहारनपुर और नोएडा में भी यह कार्रवाई हुई थी।

लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में आलीशान कोठी है, जिसकी कीमत करीब सात करोड़ रुपये से अधिक की बतायी जा रही है। मंगलवार को सहारनपुर की पुलिस ने इस संपत्ति को कुर्क किया है। अब तक हाजी इकबाल की सहारनपुर में दो सौ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क हो चुकी है।

पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, हाजी इकबाल बसपा से एमएलसी रह चुके हैं। उनके खिलाफ अवैध खनन, लोगों की संपत्ति पर कब्जा करने, दुष्कर्म, डकैती, मारपीट, जानलेवा हमले, बंधक बनाने जैसी गंभीर धाराओं में लगभग 45 मुकदमे दर्ज हैं। उसके चारों बेटों अब्दुल वाजिद, जावेद मोहम्मद अफजाल ,अलीशान और भाई पूर्व एमएलसी मोहम्मद अली जेल में बंद हैं, लेकिन हाजी इकबाल लंबे समय से फरार चल रहा है, उसकी गिरफ्तारी के लिए उस पर एक लाख का इनाम है।

उल्लेखनीय है कि सहारनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र के आदेश पर खनन माफिया हाजी इकबाल की लगभग 506 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सहारनपुर में 200 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। नोएडा में भी इकबाल की संपत्ति कुर्क हुई है और अब लखनऊ में यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *