बरसात के मौसम में घरों के आस-पास न हो जलभराव : सीएमओ 

बुलंदशहर। बरसात शुरू होते ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दस्तक अभियान तहत मलेरिया विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। लोग अपने घरों के आस-पास साफ-सफाई रखें, साथ ही घर के आस-पास जलभराव न होने दें। इस लिए विभाग की ओर से लोगों घर-घर जाकर जागरूक किया जा रहा है। आशा कार्यकर्ता मच्छरों के प्रकोप से बचाव के बारे में जानकारी दे रही हैं। जागरूकता से ही मच्छर जनित बीमारी मलेरिया और डेंगू से बचाव संभव है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनय कुमार सिंह ने बताया संचारी रोग नियंत्रण अभियान में मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बरसात में जलभराव के चलते पनपने वाले मच्छरों से बचाव की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता क्षेत्र में भ्रमण के दौरान लोगों को जागरूक कर रही हैं। जनपद में 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा। 

सीएमओ ने बताया मच्छरों के काटने से डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारी फैलती हैं। इसलिए जरूरी है कि उन्हें पनपने ही नहीं दिया जाए। अपने घर और आसपास सफाई रखी जाए। जनपद के ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधान सहित नगर पंचायत के कर्मचारियों की मदद से साफ-सफाई कराई जा रही है। क्षेत्रों में फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। 

बचाव के तरीके-

– मच्छर साफ पानी में प्रजनन करता है, इसलिए कूलर की पानी की टंकी, गमले आदि में पानी एकत्रित न होने दें। 

– कूलर व पानी की टंकी सप्ताह में एक दिन रविवार को खाली कर सुखा कर दोबारा इस्तेमाल करें। 

– दिन में पूरी बाजू के कपड़े व मोजे पहनें और छोटे बच्चों को मच्छरदानी में सुलाएं। 

– तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, बदन में चकत्ते होने की दशा में तत्काल जिला अस्पताल अथवा पास के किसी चिकित्सा केंद्र में जांच करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *